Connect with us

महिला प्रीमियर लीग 2026- आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर खिताब किया अपने नाम

खेल

महिला प्रीमियर लीग 2026- आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर खिताब किया अपने नाम

स्मृति मंधाना बनीं दो WPL खिताब जीतने वाली दूसरी कप्तान

नई दिल्ली। महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के बाद आरसीबी खेमे में जश्न का माहौल रहा, वहीं दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने हार से सीख लेकर आगे मजबूत वापसी की बात कही।

मैच के बाद आरसीबी ने अपनी टीम के साथ-साथ प्रशंसकों की भी जमकर सराहना की। कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि आरसीबी जो कुछ भी करती है, वह अपने फैंस के लिए करती है और उनके प्रशंसक दुनिया के सबसे बेहतरीन फैंस हैं, जो हर जगह टीम का समर्थन करते हैं।

यह भी पढ़ें -  टी20 विश्व कप 2026- अभ्यास मुकाबलों के लिए भारत ए टीम घोषित, आयुष बदोनी को सौंपी गई कमान

फाइनल में दिल्ली ने बनाए 203 रन

गुरुवार को वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। दिल्ली की ओर से कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने 37 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 57 रन की अहम पारी खेली। इसके अलावा वोल्वार्ड्ट ने 44 रन, लिजेल ली ने 37 रन और शेफाली वर्मा ने 20 रन बनाए। चिनेल हेनरी ने 15 गेंदों में 35 रन की नाबाद तूफानी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

आरसीबी की ओर से लॉरेन बेल ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 19 रन दिए। सयाली सतघरे, अरुंधति रेड्डी और नदिन डी क्लर्क को एक-एक विकेट मिला।

यह भी पढ़ें -  महिला प्रीमियर लीग 2026- गुजरात जाएंट्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह

मंधाना-वॉल की साझेदारी ने दिलाई जीत

203 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को नौ रन के स्कोर पर पहला झटका लगा, जब ग्रेस हैरिस आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 92 गेंदों में 165 रन की निर्णायक साझेदारी की। जॉर्जिया वॉल ने 54 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 79 रन बनाए, जबकि मंधाना ने संयमित कप्तानी पारी खेली।

आरसीबी ने 19.4 ओवर में चार विकेट गंवाकर 204 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। दिल्ली की ओर से चिनेल हेनरी ने दो विकेट झटके, जबकि नंदिनी और मिन्नू को एक-एक सफलता मिली।

यह भी पढ़ें -  महिला प्रीमियर लीग 2026- दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जाएंट्स को हराकर फाइनल में बनाई जगह

दूसरी बार चैंपियन बनी आरसीबी

इस जीत के साथ आरसीबी ने दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले टीम 2024 में भी दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में हराकर चैंपियन बनी थी। कप्तान स्मृति मंधाना बतौर कप्तान दो डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं। इस मामले में उन्होंने मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 2023 और 2025 में खिताब जीता था।

मंधाना ने कहा कि फाइनल मुकाबले में 200 से अधिक रन का लक्ष्य हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन टीम ने शांत रहकर आखिरी ओवरों में बेहतर गेंदबाजी और शानदार बल्लेबाजी से मैच अपने पक्ष में कर लिया।

Ad Ad
Continue Reading

More in खेल

Ad Ad

Latest News

Author

Author: Shakshi Negi
Website: www.gairsainlive.com
Email: gairsainlive@gmail.com
Phone: +91 9720310305