Connect with us

राशिद खान ने रचा इतिहास, अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने

खेल

राशिद खान ने रचा इतिहास, अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने

120वें मैच में हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जहां तक पहुंचना किसी भी गेंदबाज के लिए बड़ी उपलब्धि है। शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले में राशिद ने अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर के 200 विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया। वह इस प्रारूप में विकेटों का दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

मैच से पहले राशिद खान के नाम 199 विकेट दर्ज थे। मुकाबले के दौरान उन्होंने जिम्बाब्वे के विकेटकीपर बल्लेबाज तदिवानाशे मारुमानी को अपना शिकार बनाया और इस ऐतिहासिक उपलब्धि तक पहुंच गए। हालांकि, इस मैच में राशिद को केवल एक ही विकेट मिला, लेकिन यह विकेट उनके करियर के लिए बेहद खास साबित हुआ। उन्होंने अपने 120वें अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले में यह कीर्तिमान स्थापित किया।

यह भी पढ़ें -  अहमदाबाद में 2029 में होगी भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप, भारत पहली बार करेगा मेजबानी

अंतरराष्ट्रीय टी20 में राशिद खान का दबदबा

अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में राशिद खान शीर्ष पर काबिज हैं। उनके आसपास भी फिलहाल कोई अन्य गेंदबाज नजर नहीं आता। राशिद ने अपनी शानदार लेग स्पिन और विकेट लेने की क्षमता के दम पर इस प्रारूप में अलग पहचान बनाई है।

अंतरराष्ट्रीय टी20 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में इंग्लैंड के आदिल राशिद दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 153 मैचों में 171 विकेट हासिल किए हैं। हॉन्गकॉन्ग के एहसान खान 119 मुकाबलों में 165 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी ने 142 मैचों में 165 विकेट लिए हैं और वह चौथे नंबर पर हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के ही पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी 126 मैचों में 164 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

यह भी पढ़ें -  भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज

ओवरऑल टी20 क्रिकेट में भी नंबर वन हैं राशिद

केवल अंतरराष्ट्रीय टी20 ही नहीं, बल्कि ओवरऑल टी20 क्रिकेट में भी राशिद खान का प्रदर्शन शानदार रहा है। विभिन्न टी20 लीग और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को मिलाकर वह 551 मैचों में 741 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इस आंकड़े के साथ वह टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पहले स्थान पर हैं।

राशिद की यह उपलब्धि उनकी निरंतरता और टी20 प्रारूप में लंबे समय से चले आ रहे प्रभाव को दर्शाती है। दुनिया भर की टी20 लीग में खेलने वाले राशिद अपनी किफायती गेंदबाजी और अहम मौकों पर विकेट निकालने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं।

यह भी पढ़ें -  एशियन पैरा गेम्स में तीन बार स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज यादव का निधन, खेल जगत में शोक की लहर

अर्शदीप सिंह और मिचेल सैंटनर के पास भी रिकॉर्ड बनाने का मौका

इस बीच, भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर के पास भी अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में खास उपलब्धि हासिल करने का अवसर है।

भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय टी20 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज अर्शदीप सिंह हैं। उनके नाम 102 मैचों में 149 विकेट दर्ज हैं। शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले चौथे टी20 मुकाबले में वह एक विकेट हासिल करते ही 150 विकेट पूरे कर सकते हैं।

वहीं, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर भी इस उपलब्धि के करीब हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय टी20 में 150 विकेट पूरे करने के लिए केवल एक विकेट की जरूरत है। ऐसे में आगामी मुकाबले में दोनों गेंदबाजों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी।

Ad Ad
Continue Reading

More in खेल

Ad Ad

Latest News

Author

Author: Shakshi Negi
Website: www.gairsainlive.com
Email: gairsainlive@gmail.com
Phone: +91 9720310305