Connect with us

2017 से पहले परीक्षा कोई देता था, नौकरी किसी और को मिलती थी… मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर साधा निशाना

देश

2017 से पहले परीक्षा कोई देता था, नौकरी किसी और को मिलती थी… मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर साधा निशाना

योगी सरकार की युवाओं और किसानों को बड़ी सौगात, 1,146 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, 4,300 परिवारों को 215 करोड़ की मदद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को युवाओं और किसानों के हित में कई अहम घोषणाओं के साथ बड़ी सौगात दी। लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत हादसों का शिकार हुए किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए 4,300 लाभार्थी परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर भी मौजूद रहे।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर पिछली सरकार को घेरा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में व्यवस्था ऐसी थी कि परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे को मिल जाता था। उस समय भर्ती बोर्ड के अधिकारियों पर दबाव रहता था और सरकारी विभागों में जरूरत के मुताबिक कर्मचारी भी उपलब्ध नहीं थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद जब उन्होंने पुलिस विभाग की स्थिति की समीक्षा की तो करीब डेढ़ लाख पद रिक्त मिले। पिछली सरकार ने पीएसी की 34 कंपनियां भी समाप्त कर दी थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है और युवाओं को बिना सिफारिश के योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है।

शिवपाल यादव पर भी कसा तंज

योगी आदित्यनाथ ने नियुक्तियों की संख्या का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने तेजी से भर्ती प्रक्रिया पूरी की है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में एक लाख से अधिक नियुक्तियां की जा चुकी हैं और लेखपाल भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है। इसी दौरान उन्होंने सपा नेता शिवपाल यादव पर चुटकी लेते हुए कहा कि हमने नियुक्तियां देने का काम किया है, अब आप लोग इनकी गिनती कीजिए। अगर गिनती नहीं आती तो शिवपाल यादव को साथ ले लीजिए, उन्हें गिनती का अच्छा अनुभव है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार में प्रत्येक पांचवें दिन नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जो 26 जनवरी तक जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि उन्हें अपनी मेहनत और योग्यता पर भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि अब सरकारी नौकरियों में किसी तरह की सिफारिश की आवश्यकता नहीं है।

यूपी को बीमारू राज्य से ग्रोथ इंजन बनाने का दावा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आर्थिक स्थिति में सुधार का दावा करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात हुआ करते थे। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चुनौतियां थीं। अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है, व्यापार को बढ़ावा मिल रहा है और निवेश के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है।

उन्होंने बताया कि उनकी सरकार को पिछली सरकार से 34 लाख मुकदमे विरासत में मिले थे। इन मामलों के निस्तारण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई। अब तक 37 लाख 81 हजार 363 मुकदमों का निस्तारण किया जा चुका है और हर महीने करीब 3.78 लाख मामलों का निपटारा हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यवस्था में बदलाव किए हैं।

किसानों और बटाईदारों को भी योजना का लाभ

किसानों के हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दुर्घटना सहायता का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलता था, जिनके नाम पर जमीन दर्ज होती थी। बटाईदारों को इस दायरे में शामिल नहीं किया जाता था। वर्तमान सरकार ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए किसानों के साथ बटाईदारों को भी योजना का लाभ देने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि सांप के काटने, जंगली जानवरों के हमले और अन्य दुर्घटनाओं में जान गंवाने या प्रभावित होने वाले किसानों को भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार अन्नदाताओं की सुरक्षा और उनके परिवारों के आर्थिक भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और किसानों को सुरक्षा देने के लिए सरकार लगातार काम करती रहेगी।

Ad Ad
Continue Reading

More in देश

Ad Ad

Latest News

Author

Author: Shakshi Negi
Website: www.gairsainlive.com
Email: gairsainlive@gmail.com
Phone: +91 9720310305