Connect with us

IND VS AFG- वरुण चक्रवर्ती चोटिल होने के कारण अफगानिस्तान सीरीज से बाहर

खेल

IND VS AFG- वरुण चक्रवर्ती चोटिल होने के कारण अफगानिस्तान सीरीज से बाहर

वरुण चक्रवर्ती के एशियाड खेलने पर भी मंडराया खतरा

नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की टी20 सीरीज के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोटिल होने के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मुकाबला मंगलवार को नई दिल्ली में खेला जाना है, लेकिन उससे पहले वरुण की चोट ने टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वरुण ने रविवार को खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में भारतीय प्लेइंग-11 में जगह बनाई थी।

एशियाई खेलों में खेलने पर भी संशय

वरुण चक्रवर्ती इस महीने होने वाले एशियाई खेलों के लिए भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में ताजा चोट के बाद उनके एशियाई खेलों में हिस्सा लेने को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले जुलाई में इंग्लैंड दौरे के दौरान वरुण हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान हुए थे। वह हाल ही में पूरी तरह उबरकर मैदान पर लौटे थे।

यह भी पढ़ें -  महिला एशिया कप 2026- श्रीलंका को 72 रनों से हराकर भारत बना चैंपियन

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में वरुण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में महज 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया था। हालांकि, अब चोट के कारण उन्हें पूरी सीरीज से बाहर होना पड़ा है।

लगातार चोटों से सीओई पर उठे सवाल

बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक, वरुण को ताजा चोट लगी है और इसी वजह से वह अफगानिस्तान के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में आगे नहीं खेल पाएंगे। भारतीय खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने के बीच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी सीओई की चोट प्रबंधन व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। वरुण की चोट को इसी कड़ी में एक और उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  भारत को बड़ा झटका- एशियाई गेम्स से बाहर हुए वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह

एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से होना है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वरुण समय रहते पूरी तरह फिट होकर एशियाई खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा बन पाएंगे।

हर्षित राणा भी फिटनेस से जूझ रहे

एशियाई खेलों से पहले भारतीय टीम में फिटनेस को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज शुरू होने से पहले समय पर फिट नहीं हो सके थे। एशियाई खेलों में उनका खेलना भी उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। हर्षित की जगह अफगानिस्तान सीरीज के लिए यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ें -  महिला एशिया कप 2026- बांग्लादेश को 40 रनों से हराकर फाइनल में पहुंचा भारत

भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर भी हाल ही में चोट से उबरकर वापसी कर चुके हैं। ऐसे में एशियाई खेलों से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस टीम प्रबंधन के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला गुरुवार को होगा। इसके बाद भारतीय टीम का ध्यान एशियाई खेलों की तैयारियों पर रहेगा। भारत 22 सितंबर को जापान के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 मुकाबला खेलेगा और 28 सितंबर से एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत करेगा।

Ad Ad
Continue Reading

More in खेल

Ad Ad

Latest News

Author

Author: Shakshi Negi
Website: www.gairsainlive.com
Email: gairsainlive@gmail.com
Phone: +91 9720310305